सई नदी में स्नान के दौरान युवक डूबा, पुलिस व गोताखोरों ने बचाई जान, गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर

सई नदी में स्नान के दौरान युवक डूबा, पुलिस व गोताखोरों ने बचाई जान, गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। बेलखरनाथ धाम स्थित सई नदी घाट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सर्पदंश से मृत युवक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे परिवार का एक अन्य युवक स्नान के दौरान नदी के गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सिंगठी खालसा गांव निवासी सत्यम सिंह (20) की बुधवार भोर में सर्पदंश से मौत हो गई थी। परिजनों ने बुधवार शाम बेलखरनाथ धाम स्थित सई घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया था। सत्यम का बड़ा भाई सुभाष सिंह, जो बेंगलुरु में रहता है, गुरुवार सुबह घर पहुंचा। इसके बाद वह परिवार के धर्म सिंह (20) तथा दो अन्य युवकों के साथ अपने दिवंगत भाई को श्रद्धांजलि देने सई घाट पहुंचा।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद धर्म सिंह और उसके दो साथी सई नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान धर्म सिंह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर बेलखरनाथ धाम चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

चौकी प्रभारी ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत कर युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ धाम पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने युवक को सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज भेज दिया।

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। युवक का प्रयागराज में उपचार जारी है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें