अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर, खेल विभाग में प्रशिक्षक बनने पर मिलेगा ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर, खेल विभाग में प्रशिक्षक बनने पर मिलेगा ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय

जिला संवादाता काव्यांश रावत  एटा। उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेल विभाग में प्रशिक्षक बनने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। इस पहल का उद्देश्य आवासीय खेल छात्रावासों में खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।

जिला क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि खेल विभाग द्वारा संचालित 34 आवासीय खेल छात्रावासों के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षक के रूप में किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों को ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा और वे अपने अनुभव के आधार पर खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षण देंगे।

इस योजना में हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, जूडो और तीरंदाजी सहित कुल 16 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।

जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से अपील की है कि वे 15 अगस्त 2026 तक जिला खेल कार्यालय, एटा से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक शैक्षिक एवं खेल उपलब्धियों से संबंधित स्वप्रमाणित अभिलेखों सहित अपना आवेदन कार्यालय में जमा करें। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश के खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

ये भी पढ़ें जलेसर में सपा ने मनाई महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती, सामाजिक एकता व शिक्षा पर दिया जोर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें