कोटेदारों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, तहसील सदर में विशेष बैठक आयोजित
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत सहारनपुर, 30 जुलाई। तहसील सदर सभागार में गुरुवार को उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक मूल रूप से उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में प्रस्तावित थी, लेकिन उनके आवश्यक शासकीय कार्य में व्यस्त होने के कारण बैठक सप्लाई इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में सदर तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में कोटेदारों ने भाग लिया और राशन वितरण व्यवस्था, परिवहन लागत, राशन कार्ड संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कोटेदारों ने वितरण व्यवस्था के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
सप्लाई इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने सभी कोटेदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें लिखित रूप में दर्ज कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप उचित दर विक्रेताओं के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या अनावश्यक परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं ऐसी शिकायत सामने आती है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि यह बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 जुलाई को दिए गए विभागीय निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई, जिसमें कोटेदारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके समाधान के निर्देश दिए गए थे। बैठक की सूचना जिला पूर्ति अधिकारी एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि आवश्यक फॉलो-अप कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में प्रमुख रूप से राजपाल सिंह नौटियाल, डॉ. रिशिपाल, भूप सिंह, अमरीश चौधरी, गुफरान अहमद, डॉ. दिनेश कुमार, पंकज लाम्बा, मांगेराम डोंगरिया, राव गुलफाम, खुर्रम मलिक, सुभाष कुमार, सुशील कुमार, काशिफ, इसरार बाबू, मास्टर जाहिद, बुद्धप्रकाश, राजकुमार सहित सैकड़ों उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें मुड़समां में आरएसएस का गुरु दक्षिणा कार्यक्रम संपन्न, स्वयंसेवकों ने राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प












