मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सहायता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा







गाजियाबाद।दिनांक: 31 जुलाई, 2026 मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने आज महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर (यूनिट-1), संयुक्त चिकित्सालय, संजय नगर, गाजियाबाद का औचक निरीक्षण कर केंद्र की कार्यप्रणाली एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर सेंटर मैनेजर, पुलिस चौकी प्रभारी, केस वर्कर एवं एमटीएस कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों, उनके निस्तारण की प्रक्रिया, लंबित मामलों की स्थिति तथा कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।सेंटर मैनेजर द्वारा अवगत कराया गया कि केंद्र पर अधिकांश प्रकरण 181 महिला हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होते हैं। प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या सुनकर आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा सहायता, काउंसलिंग, पुलिस सहायता तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यह भी बताया गया कि केंद्र पर पांच पीड़िताओं के आवास की स्वीकृति प्राप्त है, जबकि वर्तमान में कोई भी महिला केंद्र में आवासित नहीं है। मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक प्रकरण में सर्वप्रथम पीड़िता की आवश्यकताओं का समुचित आकलन किया जाए तथा उसकी आवश्यकता के अनुरूप सभी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग का प्रभावी सहयोग लिया जाए तथा जिन मामलों में प्रतिवादी पक्ष उपस्थित नहीं हो रहा है, उनमें वन स्टॉप सेंटर में स्थापित पुलिस चौकी के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण का निस्तारण तभी किया जाए, जब यह सुनिश्चित हो जाए कि पीड़िता की समस्या का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान हो चुका है। प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने यह भी निर्देशित किया कि केंद्र पर सभी आवश्यक हेल्पलाइन एवं संबंधित विभागों के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने कहा कि जनपद प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।












