नोएडा थाना जारचा पुलिस द्वारा बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, अवैध हथियार व नकदी बरामद
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना जारचा पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 2,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने नव निर्माणाधीन प्यावली नहर पुल के पास से भूरे चांद पुत्र शब्बीर (42 वर्ष) और राशिद पुत्र यामीन (32 वर्ष), निवासी ग्राम नाहल, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने 5 जुलाई 2026 को ग्राम रसूलपुर स्थित एक बंद मकान में चोरी कर चार जोड़ी चांदी की पायल सहित अन्य सामान चुरा लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई पायल राहगीरों को बेच दी थीं, जिससे मिले 2,600 रुपये उनके पास से बरामद किए गए। इस संबंध में थाना जारचा पर मुकदमा संख्या 121/2026, धारा 305 एवं 317(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज था।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा 2,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी, अवैध हथियार रखने, मारपीट, हत्या के प्रयास, गुंडा अधिनियम सहित कई संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।












