प्रतापगढ़ पुलिस को मिली अत्याधुनिक इनोवा इंटरसेप्टर वाहन की सौगात, ओवरस्पीडिंग व यातायात उल्लंघनों पर कसेगा शिकंजा।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। जनपद में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इनोवा इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है।
आज दिनांक 01 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर ने पुलिस लाइन, प्रतापगढ़ से इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री राजीव कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
स्पीड गन से होगी ओवरस्पीडिंग की निगरानी अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन में स्पीड गन सहित आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इसके माध्यम से निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों की पहचान कर ई-चालान की कार्रवाई की जा सकेगी। इससे तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
ब्लैक फिल्म और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई।
वाहन में ब्लैक फिल्म की जांच के लिए विशेष मापक उपकरण भी उपलब्ध है। इसके जरिए मानक से अधिक ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं ब्रीथ एनालाइज़र की मदद से शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की जांच कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर होगी तैनाती।
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन को जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों, प्रमुख मार्गों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से तैनात किया जाएगा।
इस वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतापगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति लोगों में अनुशासन बढ़ाना और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें तहसील रानीगंज में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन, अधिकारियों ने सुनीं जन-समस्याएं।












