बहादुर का पुरवा में सड़क बनी मुसीबत, जलभराव से 10 परिवारों का जनजीवन प्रभावित
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज विकासखंड की ग्राम सभा ऐमापुर बिंधन के बहादुर का पुरवा गांव में संपर्क मार्ग की बदहाली ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। सड़क पर गहरे गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। लगातार हो रही बारिश से मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे करीब 10 परिवारों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लगभग एक फीट गहरा गड्ढा होने से उसमें हमेशा पानी भरा रहता है। ऐसे में पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। खराब मार्ग के कारण चार पहिया वाहन गांव के अंदर नहीं पहुंच पाते और लोगों को अपने वाहन गांव के बाहर राम मणि तिवारी उर्फ छोटे के घर के सामने खड़े करने पड़ते हैं।
ग्रामीण वरुण मिश्रा, ननकू तिवारी, प्रमोद तिवारी. कपिल तिवारी.अनुज तिवारी और दुर्गेश तिवारी ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव और खंड विकास अधिकारी बाबागंज को लिखित एवं मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं।
सोमवार को ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी बाबागंज से मिलकर मार्ग की तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बाबागंज ने बताया कि शिकायत संज्ञान में आई है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शीघ्र ही सड़क की समस्या का समाधान कराया जाएगा।












