डीएम मेघा रूपम की पहल: शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में मात्र ₹210 वार्षिक शुल्क पर मिलेगा खेल प्रशिक्षण
सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए बनेगा रोस्टर, जनपद में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
पवन सूर्यवंशी, ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
गौतमबुद्धनगर। जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबे समय से बंद पड़े शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ आमजन के लिए पुनः संचालित किया जाएगा। यहां जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, स्केटिंग, शतरंज सहित विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप संचालित किए जाएंगे।
समिति ने खिलाड़ियों के हित में 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क मात्र 210 रुपये निर्धारित करने का निर्णय लिया। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए प्रथम माह 310 रुपये तथा उसके बाद 200 रुपये प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया।
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में आयोजित खेल गतिविधियों में भाग दिलाया जाए। साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, ताकि युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जनपद स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा समिति ने मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं अन्य खेल परिसरों के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी। इनमें बास्केटबॉल, कबड्डी एवं नेटबॉल कोर्ट के आसपास जल निकासी व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, कुश्ती अखाड़े का विकास, मिनी जिम की स्थापना, जिम एवं बॉक्सिंग हॉल में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, ओपन जिम की रेलिंग, विद्युत कार्य तथा अन्य मरम्मत कार्य शामिल हैं।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, विधायक दादरी प्रतिनिधि योगेश सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, उप जिलाधिकारी एवं समिति सचिव अरविंद मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजीत सिंह सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












