गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में बड़ी कार्रवाई, दो उपनिरीक्षक निलंबित
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद, 6 अगस्त। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो उपनिरीक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, क्यूआरटी नगर जोन में तैनात उपनिरीक्षक अतुल कुमार राठौर तथा थाना इंदिरापुरम की नीति खंड चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक पूरण सिंह के खिलाफ ड्यूटी में गंभीर लापरवाही के आरोप पाए गए। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल में किसी भी प्रकार की लापरवाही, स्वेच्छाचारिता अथवा अकर्मण्यता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट जनता को बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम लगातार उठाता रहेगा।












