रायबरेली: प्लेटफॉर्म पर फरिश्ता बने GRP मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी, जान बचाने पर DGP रेलवे ने किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश ग्राउंड रिपोर्टर रवि विश्वकर्मा लखनऊ/रायबरेली: रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री की तत्परता और अदम्य साहस से जान बचाने वाले राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी को रेलवे पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रकाश डी. ने लखनऊ स्थित GRP मुख्यालय में सम्मानित किया। DGP रेलवे ने मुख्य आरक्षी को प्रशस्ति पत्र देने के साथ ही नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी थी महिला
घटना 6 अगस्त की है। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण एक महिला यात्री चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के gap (गैप) में गिरने लगी। उस समय प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात GRP मुख्य आरक्षी शिवपूजन चौधरी ने पलक झपकते ही सूझबूझ और तत्परता दिखाई और तुरंत महिला को खींचकर बाहर सुरक्षित निकाल लिया। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सम्मान
शिवपूजन चौधरी के इस मानवीय और साहसिक कार्य की सराहना करते हुए GRP मुख्यालय लखनऊ में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान IG आरके भारद्वाज समेत रेलवे पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शिवपूजन चौधरी का यह कार्य न केवल खाकी का मान बढ़ाता है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा बल के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता है।












