नो-एंट्री की खुली अनदेखी, शहर में धड़ल्ले से घुस रहे भारी वाहन; एसएसपी कार्यालय के पीछे लगा जाम

नो-एंट्री की खुली अनदेखी, शहर में धड़ल्ले से घुस रहे भारी वाहन; एसएसपी कार्यालय के पीछे लगा जाम। 

संवादाता अमन अहमद एटा। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद नो-एंट्री व्यवस्था का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को इसका असर शहर के व्यस्त कचहरी रोड और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पीछे स्थित भारतीय स्टेट बैंक-केनरा बैंक मार्ग पर देखने को मिला, जहां भारी वाहनों की आवाजाही के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और जाम की स्थिति पैदा हो गई।

बताया जा रहा है कि कचहरी रोड शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस मार्ग पर दिनभर अधिवक्ताओं, वादकारियों, बैंक ग्राहकों, दुकानदारों और आम राहगीरों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद नो-एंट्री के समय भारी वाहनों का शहर के भीतर पहुंचना यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

मंगलवार को भारी वाहनों के आवागमन के कारण एसएसपी कार्यालय के पीछे सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंकिंग कार्य से पहुंचने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को भी जाम के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ीं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू है, तो प्रतिबंध के बावजूद ये वाहन शहर के अंदर तक कैसे पहुंच रहे हैं? क्या नो-एंट्री प्वाइंट पर निगरानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है या वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं?

स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर भी इसका सख्ती से पालन कराया जाए। लोगों ने यातायात पुलिस से नो-एंट्री प्वाइंट पर निगरानी बढ़ाने और नियम तोड़कर शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए और यातायात पुलिस नियमित निगरानी करे तो कचहरी रोड, बैंक मार्ग और एसएसपी कार्यालय के आसपास लगने वाले जाम से आम लोगों को काफी राहत मिल सकती है।

ये भी पढ़ें फूलन देवी की जयंती पर एटा में गरमाया मुद्दा, निषाद पार्टी ने हत्याकांड की CBI जांच की उठाई मांग

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें