डीएम ने अजगरा में यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल एवं संग्रहालय का किया निरीक्षण
रानीगंज, प्रतापगढ़। आगामी अजगरा महोत्सव की तैयारियों के मद्देनज़र जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गुरुवार को रानीगंज स्थित ऐतिहासिक यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल एवं संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महोत्सव को इस वर्ष भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश देते हुए पर्यटन विभाग द्वारा कराए गए विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तालाब, परिसर की साफ-सफाई, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक अवशेषों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अजगरा महोत्सव को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की विरासत को व्यापक पहचान मिल सके।
संवाददाता : सदानंद द्विवेदी












