उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशल हब बनाने पर जोर, ITIs को उद्योगों से जोड़ने के निर्देश

उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशल हब बनाने पर जोर, ITIs को उद्योगों से जोड़ने के निर्देश

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश की ITIs को अधिक से अधिक उद्योगों से जोड़ा जाए और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम एवं प्रशिक्षण विकसित किए जाएं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए अप्रेंटिसशिप और ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाए। कौशल विकास को केवल रोजगार तक सीमित न रखते हुए वैश्विक अवसरों से भी जोड़ा जाए। उन्होंने प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर नियमित रूप से रोजगार मेलों के आयोजन के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

 

योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता के लिए अनुदेशकों की उपलब्धता को महत्वपूर्ण बताते हुए चयन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयनित अनुदेशकों की नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया में उनके अनुभव एवं कार्य के आधार पर वेटेज देने का प्रावधान किया जाए।

 

समीक्षा बैठक में सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्वेंशन, इन्क्यूबेशन एंड ट्रेनिंग (सीआईआईआईटी) केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और बरेली स्थित केंद्रों का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों को आधुनिक तकनीक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने जीरो पॉवर्टी अभियान से जुड़े परिवारों के बच्चों एवं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

 

बैठक में बताया गया कि विगत पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से 21.13 लाख युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जबकि 12.94 लाख युवाओं को सेवायोजन मिला है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशल हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें