एटा में विजिलेंस कार्यालय में निकला सर्प, कर्मचारियों में मचा हड़कंप
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग की विजिलेंस टीम के कार्यालय के अंदर अचानक सर्प दिखाई दिया। सर्प को देखते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे तत्काल कार्यालय से बाहर निकल आए।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। विजिलेंस कार्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी हरविलास, आरक्षी योगेश, टिंकू, फारिद और प्रियभान सिंह रोजाना की तरह अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर कार्यालय के अंदर मौजूद सर्प पर पड़ी। सर्प को देखते ही कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई और सभी लोग कार्यालय से बाहर सड़क की ओर निकल आए।
कर्मचारियों ने तत्काल मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर पिंकी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्प को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सर्प को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू किए गए सर्प को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया। सर्प के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद विजिलेंस कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और कार्यालय में दोबारा कामकाज शुरू किया। घटना के दौरान किसी भी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें आर्थिक बाधाएं नहीं रोकेंगी प्रतिभाओं की राह, एटा में अभ्युदय योजना के नए सत्र का आगाज।












