आर्थिक बाधाएं नहीं रोकेंगी प्रतिभाओं की राह, एटा में अभ्युदय योजना के नए सत्र का आगाज।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जिले के प्रतिभावान और जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नवीन सत्र का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। शांति नगर स्थित जीजीआईसी कॉलेज एटा के बाबू जगजीवन राम छात्रावास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने फीता काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी मेधावी विद्यार्थी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
अभ्युदय योजना के तहत सिविल सेवा, पीसीएस, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। प्रशिक्षण केंद्र में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और अन्य शैक्षणिक संसाधनों की व्यवस्था के साथ लाइब्रेरी भी संचालित है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बाद उपयोग में न आने वाली अच्छी पुस्तकों को योजना की लाइब्रेरी में दान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुरानी किताब किसी जरूरतमंद विद्यार्थी के भविष्य की नई शुरुआत बन सकती है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, प्रशिक्षक, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास आकाश ने किया।
ये भी पढ़ें डिग्री कॉलेज में एमएससी और एमकॉम की कक्षाएं शुरू कराने की मांग












