डिग्री कॉलेज में एमएससी और एमकॉम की कक्षाएं शुरू कराने की मांग
छात्रों की मांग पर दीप्ति रावत भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
दैनिक चक्र ब्यूरो उत्तराखंड
डोईवाला। शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में एमएससी और एमकॉम की कक्षाएं शुरू कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महाविद्यालय के पदाधिकारी एवं छात्र मोहित डंगवाल, अंशुल कृषाली और अभिनव गोपाल राणा ने भी विद्यार्थियों की ओर से मांग रखी।
छात्रों ने बताया कि स्नातक के बाद एमएससी और एमकॉम की पढ़ाई के लिए उन्हें देहरादून सहित अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक खर्च बढ़ जाता है। महाविद्यालय में दोनों विषयों की कक्षाएं शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार जरूरी है और विद्यार्थियों को सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई से समझौता न करना पड़े, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों के हित से जुड़ी मांग को गंभीरता से लेते हुए एमएससी और एमकॉम की कक्षाएं शुरू कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें सहारनपुर की भोली भाली जनता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं सहारनपुर सांसद और उनके दामाद-फैयाज अहमद












