बाघराय बाजार में खाद्य विभाग की छापेमारी, सैंपलिंग की कार्रवाई पर उठे सवाल
संवाददाता — बृजेंद्र शर्मा बाघराय/प्रतापगढ़। बाघराय बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बॉम्बे वड़ापाव प्रतिष्ठान पर अचानक पहुंचकर छेना समेत अन्य मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए। कार्रवाई के दौरान बाघराय थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। खाद्य विभाग की टीम के पहुंचते ही बाजार में काफी देर तक हलचल का माहौल रहा।
कार्रवाई के बाद अब खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि संबंधित प्रतिष्ठान से पहले भी कई बार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा चुके हैं। ऐसे में सवाल यह है कि पूर्व में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट क्या रही और रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने क्या कार्रवाई की, इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल नमूना लेकर उसे जांच के लिए भेज देना पर्याप्त नहीं है। यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों में मिलावट या मानकों का उल्लंघन सामने आता है, तो नियमानुसार की गई कार्रवाई की जानकारी भी सामने आनी चाहिए, ताकि लोगों को विभागीय कार्रवाई का परिणाम पता चल सके।
वहीं, बाघराय बाजार में कई अन्य मिठाई की दुकानें और बंगाली मिष्ठान भंडार भी संचालित हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे बाजार में व्यापक अभियान चलाकर सभी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करे, जिससे किसी एक दुकान तक कार्रवाई सीमित रहने की धारणा न बने।
लोगों ने पूर्व में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट और उनके आधार पर हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही त्योहारों के अलावा सामान्य दिनों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच किए जाने की बात कही है।
अब निगाहें लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।











