एटा में रक्षाबंधन पर छात्राओं से संवाद, पुलिस ने दिलाया सुरक्षा और सहयोग का भरोसा
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को थाना मलावन क्षेत्र के A.S. ADOM WORLD SCHOOL में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, कम्युनिटी पुलिसिंग और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में किया गया। थाना मलावन पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाया। छात्राओं से राखी बंधवाकर पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा और सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं के साथ अपनत्वपूर्ण संवाद करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ किसी भी परेशानी का सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों, शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं, महिला हेल्प डेस्क तथा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने पंपलेट वितरित कर छात्राओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल से सावधान रहने तथा अपना ओटीपी, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय की छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग और पेट्रोलिंग की। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी तथा छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया।











