प्रतापगढ़ में चोरी की सरिया का बड़ा खेल: 5 गिरफ्तार, 32.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद; कई दुकानदार दुकानें बंद कर फरार, चोरी की आहट बाघराय तक पहुंची

प्रतापगढ़ में चोरी की सरिया का बड़ा खेल: 5 गिरफ्तार, 32.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद; कई दुकानदार दुकानें बंद कर फरार, चोरी की आहट बाघराय तक पहुंची

संवाददाता अमित सिंह

मुंबई जाने वाली सरिया मान्धाता में खपाई, सस्ते दामों में खरीदने वालों पर पुलिस का शिकंजा

प्रतापगढ़। मुंबई के लिए भेजी गई सरिया को रास्ते में ही प्रतापगढ़ के मान्धाता क्षेत्र में खपाने के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ट्रक चालक समेत चार दुकानदारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने विभिन्न दुकानों, गोदामों और आरोपी चालक के घर से कुल 32.5 मीट्रिक टन चोरी की सरिया बरामद की है।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद सरिया कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कई संदिग्ध दुकानदारों के दुकान बंद कर फरार होने की चर्चा है। वहीं, चोरी की सरिया के नेटवर्क की आहट अब बाघराय क्षेत्र तक पहुंचने की भी चर्चा तेज हो गई है, जिसको लेकर पुलिस जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक रामअजोर पटेल सरिया लेकर मुंबई जाने के लिए निकला था, लेकिन वह माल को मुंबई पहुंचाने के बजाय प्रतापगढ़ के मान्धाता क्षेत्र में ले आया। आरोप है कि उसने चोरी की सरिया को अलग-अलग दुकानदारों के यहां सस्ते दामों पर खपाना शुरू कर दिया।

सरिया गायब होने की तहरीर मिलने पर मान्धाता पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसओ धनंजय राय ने मामले की गहनता से जांच करते हुए ट्रक चालक रामअजोर पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चोरी की सरिया को क्षेत्र के कई दुकानदारों के यहां बेचे जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र पटेल के गोदाम से करीब 1.5 टन, अरविंद यादव के कब्जे से 3 टन, नौशाद के गोदाम से 3 टन तथा संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला के गोदाम से करीब 1.5 टन सरिया बरामद की गई।

सबसे बड़ी बरामदगी आरोपी ट्रक चालक रामअजोर पटेल के घर के बेसमेंट में बने गोदाम से हुई, जहां पुलिस को करीब 16 टन सरिया मिली। इसके अलावा राजकुमार त्रिपाठी की दुकान से 3 टन और देवीशंकर मिश्रा की दुकान से 4.5 टन सरिया भी बरामद की गई।

पुलिस ने मामले में धर्मेंद्र पटेल, अरविंद यादव, नौशाद, संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला और रामअजोर पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आधा दर्जन अन्य लोगों के नाम आए सामने

पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने करीब आधा दर्जन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब उनकी भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

कुल 32.5 मीट्रिक टन सरिया की बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि चोरी की सरिया की इस कथित ‘सस्ती मंडी’ में और कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी का माल किन-किन क्षेत्रों तक पहुंचाया गया।

मान्धाता पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच की नजर पूरे नेटवर्क पर है। कई दुकानदारों के दुकान बंद कर गायब होने और चोरी की सरिया की आहट बाघराय क्षेत्र तक पहुंचने की चर्चाओं के बीच पुलिस आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे कर सकती है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें