पैन कार्ड बनाने के नाम पर आधार से धोखाधड़ी, फर्जी सिम व बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का भंडाफोड़
मिश्रिख पुलिस व साइबर टीम की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता निशांत श्रिपाडी सीतापुर। थाना मिश्रिख क्षेत्र में पैन कार्ड बनवाने के नाम पर ग्रामीणों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड एवं बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम खुर्शीदाबाद में पिछले कुछ दिनों से हरदोई जिले के कुछ युवक ग्रामीणों को पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड लेते थे और मशीन पर अंगूठा लगवाते थे। ग्रामीणों को जब संदेह हुआ तो उन्होंने युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने करीब 65 से 70 ग्रामीणों के आधार कार्ड एवं बायोमेट्रिक का कथित रूप से दुरुपयोग कर उनकी जानकारी के बिना सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाए थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक ग्रामीण सिम लेने पहुंचा और उसे जानकारी हुई कि उसके आधार नंबर से पहले ही एयरटेल का सिम जारी हो चुका है।
पांच आरोपी बताए गए, तीन गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरोह में शामिल आरोपियों की पहचान—
करन कुमार पुत्र सागर सक्सेना, निवासी पटेल नगर, माधोगंज, हरदोई
अभिषेक पुत्र ओमप्रकाश, निवासी फजलपुर, माधोगंज, हरदोई
हरिश्चन्द्र पुत्र सुरेश पाल, निवासी जुटैला, बघौली, हरदोई
पिन्टू उर्फ मुनेन्द्र पुत्र चन्द्रप्रकाश, निवासी मजिदपुरवा, बघौली, हरदोई
विकास पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, निवासी फजलपुर, माधोगंज, हरदोई
के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पुराना रजिस्टर, पैन कार्ड बनाने की रसीदें, चार मोबाइल फोन, एक बायोमेट्रिक फिंगर प्रिंट मशीन, तीन आधार कार्ड, एक लिखा हुआ स्टाम्प और एक सादा स्टाम्प बरामद किया है।
पुलिस अब अन्य आरोपियों की भूमिका के साथ ही कथित तौर पर फर्जी तरीके से खोले गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है।











