बारिश में कच्चा मकान गिरा, चार लोग घायल
हादसे के बाद भी प्रशासन ने नहीं लिया संज्ञान, खुले आसमान के नीचे परिवार
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। विकासखंड सांड़वा चंडिका क्षेत्र के दादूपुर दौलत गांव के बहोरीपुर में गुरुवार रात करीब दो बजे बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद परिवार के चार सदस्य मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
मकान गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांड़वा चंडिका पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायलों में दिलीप कुमार (40), मीरा (35), अन्या (6) और अनामिका (5) शामिल हैं। हादसे में मकान के अंदर रखा घरेलू सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के बाद से उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के बावजूद अभी तक प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने या राहत उपलब्ध कराने की पहल नहीं की गई है।
परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवासीय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।











