कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत, 15 झुलसे

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत, 15 झुलसे

संवाददाता विनय मिश्रा  कौशांबी। प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि करीब दो किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें करीब सात घरों के गिरने की जानकारी सामने आई है।
हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। गांव प्रयागराज की सीमा से सटा हुआ है और मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। विस्फोट के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। धमाके के बाद फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई और कई मजदूर मलबे में फंस गए।
विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया। फैक्ट्री में मौजूद पटाखों के कारण कुछ समय तक लगातार धमाकों की आवाज आती रही। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और झुलसे लोगों को चारपाई व अन्य साधनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि धमाके के दौरान फैक्ट्री में 12 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में पुरुषों और महिलाओं के साथ बच्चों के भी प्रभावित होने की बात सामने आई है। विस्फोट के प्रभाव से फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में स्थित कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा।


सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीमों के साथ एयरफोर्स की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। फैक्ट्री मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें