जन्माष्टमी पर भारी भीड़ की चुनौती, पुलिस-प्रशासन ने कसी कमरकृपालु धाम पहुंचकर आईजी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और पार्किंग का लिया जायजा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जगद्गुरु कृपालु धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसे लेकर मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
आईजी ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग और संभावित डायवर्जन मार्गों की स्थिति देखी गई।
जन्माष्टमी पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित न हो और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति पैदा न होने पाए। पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों और यातायात डायवर्जन प्लान को भी मौके पर परखा गया।
आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप, प्रभारी निरीक्षक कुंडा अरविन्द सिंह समेत संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
आईजी का संदेश साफ—जन्माष्टमी पर सुरक्षा में लापरवाही नहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता।












