प्रतापगढ़: 3-4 लोगों को घायल करने वाले घोड़े को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला, अब कार्रवाई पर सवाल
संवाददाता बृजेंद्र शर्मा
बाघराय। थाना बाघराय क्षेत्र के लाल साहेब का पुरवा में मंगलवार को एक आक्रामक घोड़े को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। बताया जा रहा है कि घोड़े ने इससे पहले 3-4 लोगों को घायल किया था, जिसके बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ था।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक आक्रामक जानवर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए संबंधित विभाग की टीम मौके पर क्यों नहीं पहुंची? यदि समय रहते घोड़े को पकड़ लिया जाता, तो लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ बेजुबान जानवर की जान भी बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों द्वारा घोड़े को लाठी-डंडों से पीटकर मार दिए जाने की घटना के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इस मामले में ग्रामीणों के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी? क्या प्रशासन या संबंधित विभाग इस घटना की जांच करेगा?
एक ओर लोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, वहीं दूसरी ओर किसी जानवर को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार दिया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या घटना की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाती है।











