हाईकोर्ट के आदेश के बाद बड़ी कार्रवाई, पचपेड़वा थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान निलंबित

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बड़ी कार्रवाई, पचपेड़वा थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान निलंबित

संवाददाता: महफूज आलम | पचपेड़वा, बलरामपुर

बलरामपुर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर पचपेड़वा थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस विभाग के अनुसार, हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर को सौंपी गई थी। जांच के दौरान थाना प्रभारी द्वारा मामले में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जांच में उनकी कार्यप्रणाली में लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
जांच अधिकारी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने 11 सितंबर को थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान को निलंबित करने की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस विभाग की ओर से की गई यह कार्रवाई जवाबदेही, अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करना होगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें