कुंडा हरनामगंज स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत, आधार कार्ड से हुई पहचान
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के पुराना कुंडा स्थित कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार दोपहर रेल हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ से प्रयागराज की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के किधौली गांव निवासी देवरहिन, पत्नी स्वर्गीय राम अवध निर्मल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को महिला के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया।
बताया गया कि मृतका के परिवार में तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें औद्योगिक आस्थान उपकेंद्र पर धूमधाम से मनाई विश्वकर्मा जयंती












