नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 172 केंद्रों पर हुई मूलभूत साक्षरता परीक्षा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाज़ियाबाद, 20 सितम्बर 2026। जनपद गाज़ियाबाद में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आज असाक्षर वयस्कों की प्रथम मूलभूत साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। जनपद के 172 परीक्षा केंद्रों पर 1821 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
परीक्षा का उद्देश्य कार्यक्रम के तहत पढ़ना-लिखना एवं मूलभूत गणितीय ज्ञान अर्जित कर रहे असाक्षरों के सीखने के स्तर का आकलन करना है। परीक्षा में प्रतिभागियों ने पढ़ने, लिखने और दैनिक जीवन में उपयोगी सामान्य गणना से संबंधित अपनी दक्षताओं का प्रदर्शन किया।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने परीक्षा प्रक्रिया के संचालन और अनुश्रवण में सहयोग किया। केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने तथा परीक्षा सामग्री सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य उन वयस्कों को साक्षरता से जोड़ना है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में आवश्यक गणना एवं उपयोगी जानकारी को समझने का कौशल प्रदान किया जा रहा है।
आज की परीक्षा इस दिशा में चल रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण चरण रही। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया। उनके लिए यह परीक्षा अर्जित ज्ञान को परखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी बनी। जनपद में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगे भी असाक्षर वयस्कों को चिन्हित कर उन्हें साक्षरता गतिविधियों से जोड़ने का कार्य जारी रहेगा।
— जिला बेसिक शिक्षा विभाग, गाज़ियाबाद












