हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत, कॉलेज से घर लौटते समय हुआ हादसा
जिला संवादाता काव्यांश रावत
एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। भदुआ गांव के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कासगंज जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र के नगला बीच निवासी राहुल, पुत्र साहेब सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राहुल कासगंज स्थित सुमंत कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार शाम करीब छह बजे वह कॉलेज से बाइक से घर के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
बताया गया कि रात करीब 12:30 बजे भदुआ गांव के पास उनकी पैशन एक्स प्रो बाइक संख्या UP87 D 3823 को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पिलुआ पुलिस ने घायल राहुल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से देर रात ही परिजनों को हादसे की जानकारी दी। गुरुवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी है।












