मुसहर बस्ती चरिया में 10 अक्टूबर को लगेगी विशेष चौपाल, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने मंगलवार को नगर पंचायत सुवंशा बाजार स्थित मुसहर बस्ती चरिया का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर बस्ती में डोर-टू-डोर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। सत्यापन के दौरान प्रत्येक परिवार की पात्रता और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बस्ती में रास्ता, नाली, शौचालय, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी सुवंशा बाजार को अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
10 अक्टूबर को लगेगी विशेष चौपाल
जिलाधिकारी ने बताया कि 10 अक्टूबर को मुसहर बस्ती चरिया में विशेष चौपाल आयोजित की जाएगी। चौपाल में बस्ती में कराए गए और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी। समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम के निरीक्षण और चौपाल की घोषणा से ग्रामीणों में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
संवाददाता — दीप चन्द्र पाण्डेय











