प्रतापगढ़ में MBBS छात्र की संदिग्ध मौत, मेडिकल कॉलेज में हड़कंप; हॉस्टल के नीचे मिला शव
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। छात्र का शव हॉस्टल के नीचे पड़ा मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना पूरे केशवराय स्थित मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की है। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस 2024 बैच का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से बलिया जिले का रहने वाला था।
सुबह छात्र का शव हॉस्टल के नीचे पड़ा देख अन्य छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्रों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा, एसओजी टीम और कोतवाली नगर की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा है या कुछ और।











