प्रतापगढ़ मातृ मृत्यु दर पर CMO का वेतन रोकने का आदेश, NRLM उपायुक्त पर भी कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में मातृ मृत्यु दर अधिक पाए जाने और मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उपायुक्त का वेतन रोकने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सैम-मैम बच्चों के परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी पोषण व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाभार्थियों को 7 नवंबर तक पांच-पांच लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाने को कहा।
बैठक में बेसिक शिक्षा, स्वयं सहायता समूहों, खेल मैदानों और विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












