प्रतापगढ़ में 286 जोड़ों ने रचाई शादी, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे वैदिक मंत्र और निकाह
जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। शहर के जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कुल 286 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में 160 अनुसूचित वर्ग, 120 पिछड़ा वर्ग, तीन सामान्य वर्ग और तीन मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति-रिवाज से कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।











