पहले श्रीराम कथा में शामिल होने की जताई थी इच्छा, अब भानवी सिंह ने कुंडा की जनता के स्नेह को बताया सबसे बड़ा सम्मान
प्रतापगढ़ (कुंडा)। बेंती राजभवन में आयोजित बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर भानवी कुमारी सिंह के लगातार सामने आ रहे संदेश चर्चा का विषय बने हुए हैं। पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर श्रीराम कथा में शामिल होने, बाबा बागेश्वर के दर्शन करने और परिवार में प्रेम एवं एकता स्थापित होने की कामना जताई थी। अब उनके दूसरे संदेश में भावुकता के साथ कुंडा की जनता के प्रति आभार और कथा में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिलने का जिक्र सामने आया है।
अपने पहले संदेश में भानवी सिंह ने उम्मीद जताई थी कि उनके पति श्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया उनकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए उन्हें इस पावन आयोजन में शामिल होने का अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने प्रभु श्रीराम और बाबा बागेश्वर सरकार से परिवार में व्याप्त कटुता और अशांति दूर कर प्रेम, विश्वास, एकजुटता एवं सद्भाव का वातावरण स्थापित करने की प्रार्थना भी की थी।
वहीं, अब अपने दूसरे संदेश में भानवी सिंह ने कहा है कि श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए उन्हें उनके हजूर श्री रघुराज प्रताप सिंह की ओर से निमंत्रण नहीं मिला। हालांकि, कुंडा की जनता ने अपने प्रेम, सम्मान और अपनत्व से उन्हें जो स्थान दिया है, वह किसी भी निमंत्रण से कम नहीं है।
उन्होंने लिखा कि वर्षों और दूरियों के बाद भी लोगों के दिलों में उनके प्रति वही स्नेह और सम्मान कायम है। जनता के संदेशों ने उनके हृदय को गहराई से छुआ और उनकी आंखें नम कर दीं। उन्होंने यह भी कहा कि परिस्थितियां भले ही अपनों को दूर कर दें, लेकिन दिलों के रिश्ते दूरियों के मोहताज नहीं होते।
भानवी सिंह ने कुंडा की जनता को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके सुख-दुःख में साथ खड़े रहने और उनके प्रेम का मान रखने के लिए तत्पर रहेंगी। साथ ही प्रभु श्रीराम से परिवार में पुनः प्रेम, शांति और एकता स्थापित होने की प्रार्थना की।
पहले उम्मीद, अब भावुक संदेश
भानवी सिंह के दोनों सोशल मीडिया संदेशों को क्रमवार देखें तो पहले उन्होंने श्रीराम कथा में शामिल होने की इच्छा और राजा भैया से निमंत्रण मिलने की उम्मीद जताई थी, जबकि अब उन्होंने निमंत्रण नहीं मिलने की बात कहते हुए कुंडा की जनता के स्नेह को अपना सबसे बड़ा सम्मान बताया है। उनके इन संदेशों के बाद एक बार फिर परिवारिक रिश्तों और कुंडा की जनता के साथ उनके जुड़ाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।












