बेंती की रामकथा में पहुंचे भोजपुरी स्टार पवन सिंह, भोजपुरी अंदाज में रामचरितमानस की चौपाई सुनाकर बांधा समां
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। कुंडा क्षेत्र के बेंती राजभवन में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के दौरान बुधवार को भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता एवं लोकप्रिय गायक पवन सिंह पहुंचे। उनके कथा स्थल पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं और मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्सुकता नजर आई।
इस दौरान पवन सिंह ने मंच से अपने खास भोजपुरी अंदाज में रामचरितमानस की चौपाई प्रस्तुत की। उनकी आवाज में चौपाई सुनकर कथा पंडाल का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्रीराम के जयकारों के साथ उनकी प्रस्तुति का स्वागत किया।
बेंती की धरती पर आयोजित इस श्रीराम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। धार्मिक आयोजन में संतों के प्रवचन, भक्ति संगीत और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पवन सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम में भोजपुरी लोकसंस्कृति और रामभक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।











