सराफा लूट की जांच में लापरवाही पड़ी भारी, कोतवाली प्रभारी सस्पेंड

सराफा लूट की जांच में लापरवाही पड़ी भारी, कोतवाली प्रभारी सस्पेंड

संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। अलीगंज में सराफा कारोबारी से हुई लूट की जांच में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. इलामारन ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। रविवार रात यह कार्रवाई की गई। इसके बाद कोतवाली की जिम्मेदारी एसएसआई को सौंपी गई है।

बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर को अलीगंज इलाके में बदमाशों ने सराफा कारोबारी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना से व्यापारियों में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि दो दिन पहले 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दीपक गिरी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।

इसके बावजूद घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस लूटे गए जेवरात बरामद नहीं कर सकी। यही नहीं, अलीगंज क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही थी। इससे आम जनता और व्यापारियों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही थी।

इसी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी को निलंबित करने का निर्णय लिया। एसएसपी ने कहा कि जांच में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लूट में शामिल एक अन्य आरोपी गोलू पंडित इस समय फिरोजाबाद जेल में बंद है। पुलिस अब उसे अदालत के आदेश पर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि गोलू से पूछताछ में लूटे गए जेवरात और घटना से जुड़े अन्य अहम तथ्यों का खुलासा होगा।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती लूटे गए जेवरात को बरामद करना और फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करना है। नए प्रभारी को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें