हटाए गए संविदा कर्मचारियों की बहाली की मांग, सदर विधायक और बिजली अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के जिला पदाधिकारियों एवं हटाए गए संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर अपनी बहाली की मांग को लेकर सदर विधायक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन की पूर्व में हुई वार्ता में बनी सहमति का हवाला देते हुए उन्हें दोबारा कार्य पर रखने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे विद्युत वितरण मंडल एटा के अंतर्गत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से संविदा श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे थे। अलग-अलग तिथियों में उन्हें कार्य से हटा दिया गया था। इसके बाद से वे बेरोजगारी की स्थिति का सामना कर रहे हैं और परिवार के भरण-पोषण में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों के अनुसार, छह अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित शक्ति भवन में पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष की अध्यक्षता में कॉरपोरेशन प्रबंधन और उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के बीच बैठक हुई थी। इस वार्ता में हटाए गए कर्मचारियों को पुनः कार्य पर रखने पर सहमति बनी थी। कर्मचारियों ने इसी सहमति के आधार पर अपनी बहाली की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष पंकज राठौर, जिला महामंत्री ओमवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह, अर्जुन कश्यप, आयुष राजपूत, संगठन मंत्री अवनेन्द्र कुमार, मीडिया प्रभारी विवेक वर्मा, अमित चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अधिकारियों से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।
कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि पूर्व में बनी सहमति के अनुसार उन्हें जल्द दोबारा कार्य पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
वहीं अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।











