रिश्तों में आई नरमी के संकेत? राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की भावुक पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं, परिवार में एकजुटता की जताई कामना
प्रतापगढ़। जनपद के कुंडा स्थित बेती राजभवन में आयोजित होने जा रही पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी की भव्य श्रीराम कथा को लेकर राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की एक भावनात्मक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। भानवी सिंह ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट साझा कर श्रीराम कथा में शामिल होने और बाबा बागेश्वर सरकार के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की है।
अपने संदेश में भानवी सिंह ने बेती राजभवन को अपनी ससुराल बताते हुए कहा कि यहां आयोजित होने जा रही श्रीराम कथा में सम्मिलित होने की उनकी हार्दिक अभिलाषा है। उन्होंने श्री रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से उम्मीद जताई कि उनकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक भावना का सम्मान करते हुए उन्हें इस पुण्य आयोजन में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
भानवी सिंह की पोस्ट में सबसे अधिक चर्चा परिवार में व्याप्त कटुता, नकारात्मकता और अशांति समाप्त होने की प्रार्थना को लेकर हो रही है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव और खुशहाली का वातावरण स्थापित होने की कामना की है। साथ ही बाबा बागेश्वर सरकार से आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन की अपील भी की है।
उनकी इस पोस्ट को पारिवारिक रिश्तों में संभावित नरमी और आपसी सौहार्द की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, भानवी सिंह के संदेश में किसी समझौते या पारिवारिक सुलह की स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।
अब चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या बेती राजभवन में होने वाली श्रीराम कथा भानवी सिंह की इस अभिलाषा को पूरा करने का अवसर बनेगी? क्या प्रभु श्रीराम की कथा परिवार को एकजुट करने और रिश्तों में विश्वास बहाल करने का माध्यम बन पाएगी?
फिलहाल भानवी सिंह की इस भावुक पोस्ट ने प्रतापगढ़ से लेकर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों तक चर्चा का विषय जरूर बना दिया है।












