बेंती की श्रीराम कथा में उमड़ा महाकुंभ जैसा जनसैलाब, पहले दिन लगभग 6 लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी का अनुमान
बागेश्वर धाम सरकार बोले– हर जिले में एक राजा भैया जरूर होना चाहिए; बाबा रामदेव, बृजभूषण सिंह और मंत्री मनोज पांडेय समेत कई दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी बनी आकर्षण का केंद्र
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र स्थित बेंती राजभवन में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिव्य श्रीराम कथा में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है। कथा के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बागेश्वर धाम सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, पहले दिन लगभग 6 लाख मोबाइल एक्टिव होने का डेटा सामने आया है। इस आंकड़े ने आयोजन की भव्यता को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। कथा स्थल पर उमड़ी भीड़ का नजारा महाकुंभ जैसा दिखाई दे रहा है।
मंगलवार को कथा मंच से उस समय माहौल भावुक हो गया, जब बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कुंडा विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की प्रशंसा करते हुए कहा, “हर जिले में एक राजा भैया जरूर होना चाहिए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बात वह किसी औपचारिकता में नहीं, बल्कि अपने हृदय की भावना से कह रहे हैं। उनके इस बयान के बाद कथा पंडाल तालियों और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
बाबा रामदेव और बृजभूषण सिंह समेत कई दिग्गज पहुंचे
इस भव्य धार्मिक आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, मंत्री मनोज पांडेय, सांसद ऋषिकांत दुबे और बाबागंज विधायक विनोद सरोज समेत कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही।

पाकिस्तान से आए करीब 500 सनातनी शरणार्थियों ने भी सुनी कथा
आयोजन में पाकिस्तान से आए करीब 500 सनातनी शरणार्थियों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष पहचान दी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं के चलते कथा स्थल पर लगातार भीड़ बनी हुई है।
20 नवंबर के दिव्य दरबार को लेकर उत्साह
बेंती राजभवन में चल रही श्रीराम कथा के साथ 20 नवंबर को प्रस्तावित दिव्य दरबार को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में भक्त इस विशेष आयोजन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
बेंती की श्रीराम कथा में उमड़ रही भारी भीड़, लगभग 6 लाख मोबाइल एक्टिव होने के आंकड़े, राजा भैया के प्रति बागेश्वर धाम सरकार की टिप्पणी और देश की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।











