खेत-पेड़ हड़पने का आरोप: खाना-दवा के लिए तरसती लाचार बुजुर्ग महिला घसीटते हुए पहुंची कोतवाली
*संवाददाता धीरेंद्र कुमार* ऊँचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पूरे चंदेलन कुम्हार मजरे अरखा निवासी एक बेबस और लाचार बुजुर्ग महिला ने अपने ही करीबियों पर धोखाधड़ी और उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। चलने-फिरने में असमर्थ और कांपते हाथों के साथ बुजुर्ग महिला शुक्रवार दोपहर किसी तरह घसीटते हुए कोतवाली ऊँचाहार पहुंची और लिखित शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता आशा पत्नी स्वर्गीय छोटे लाल ने रुंधे गले और नम आंखों से अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताया कि उनके जेठ के लड़के मुन्ना, पुत्र नंग्गू तथा राजू ने जीवन भर उनकी सेवा करने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास और सेवा के वादे पर उन्होंने अपने खेत व पेड़ उनके नाम कर दिए। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि खेत-पेड़ अपने नाम कराने के बाद आरोपियों का रवैया पूरी तरह बदल गया और अब वे न तो उन्हें समय पर भोजन दे रहे हैं और न ही उनके इलाज व दवा का कोई इंतजाम कर रहे हैं।
शारीरिक रूप से बेहद कमजोर और लाचार हो चुकी बुजुर्ग महिला ने बताया कि भूख, बीमारी और उपेक्षा से तंग आकर उसके पास पुलिस की शरण में जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। इसी मजबूरी में वह 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे किसी तरह घसीटते हुए ऊँचाहार कोतवाली पहुंचीं।
इस मामले को लेकर कोतवाली पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग महिला का शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। प्रकरण की जांच की जाएगी जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक व उचित कार्रवाई की जाएगी।












