कोराई में दंगल का आयोजन:50 पहलवान दिखा रहे दमखम, विजेता को 1 लाख का इनाम
जिला संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य. फतेहपुर के तेलियानी ब्लॉक के कोराई गांव में बुधवार को दूधेश्वर मंदिर प्रांगण में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस पारंपरिक आयोजन में उत्तर प्रदेश के कई जिलों से पहलवान शामिल हुए हैं। हरियाणा, बिहार और नेपाल से भी पहलवान पहुंचे हैं। कुल 50 से अधिक पहलवान अखाड़े में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।दंगल में विजेता पहलवान को एक लाख रुपये नकद और 500 ग्राम की चांदी की गदा दी जाएगी। कुश्ती के आयोजन का संचालन अमर सिंह पटेल कर रहे हैं। कार्यक्रम में कोराई ग्राम प्रधान बाबा ध्यान सिंह, वीरेंद्र सिंह पटेल और दीपक दुबे मौजूद हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज कुमार मौर्य विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कोराई में यह मेला और दंगल पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है। यह क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर बन चुका है। मेले में कुश्ती के अलावा झूले, मिठाई और खिलौनों की दुकानें लगी हैं। इन दुकानों पर बच्चों और परिवारों की भीड़ देखी जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ये भी पढ़ें प्रयागराज : गंगा-यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ा, आपदा तंत्र अलर्ट












