एटा में एएचटी टीम का अभियान: तीन बच्चे बालश्रम से मुक्त, संचालकों पर कार्रवाई
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान एटा।राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर जनपद स्तर पर चलाए जा रहे बालश्रम व मानव तस्करी विरोधी अभियान के तहत आज 28 अगस्त 2025 को एटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध नोडल अधिकारी एएचटी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में एएचटी/एसजेपीयू, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री राजबाबू, सहायक बबलू तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायक महेश कुमार की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने थाना कोतवाली नगर और कोतवाली देहात क्षेत्र के रेलवे रोड, कासगंज रोड, मालगोदाम रोड तथा गांधी मार्केट स्थित चिन्हित प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान 03 बच्चों को बालश्रम से रेस्क्यू किया गया। संबंधित सेवायोजकों के विरुद्ध बालश्रम अधिनियम के तहत चालान करते हुए निरीक्षण टिप्पणी जारी की गई।
संयुक्त टीम द्वारा अन्य चिन्हित प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई, लेकिन वहां कोई बच्चा बालश्रम करते हुए नहीं पाया गया। ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालकों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अभियान के दौरान लोगों को शासन व प्रशासन द्वारा जारी इमरजेंसी टोल फ्री नंबर 1098, 108, 112, 1076, 181 आदि के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही थाना कोतवाली नगर और देहात क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर लोगों को बालश्रम की गंभीरता व उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इस अभियान का उद्देश्य बालश्रम की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की रक्षा और मानव तस्करी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाना है।
ये भी पढ़ें फतेहपुर: डीएम के निरीक्षण में मिली खामियां, लगाई फटकार












