मंदिर पर दबंग का कब्जा, श्रद्धालुओं ने प्रशासन से लगाई गुहार
दबंगई के साये में पौराणिक शिव मंदिर, भक्तों में आक्रोश
संवाददाता प्रताप सिंह जमुई (बिहार): सिकंदरा प्रखंड मुख्यालय से करीब 8–10 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 333ए के पास स्थित लगभग 100 साल पुराना पौराणिक शिव मंदिर इन दिनों दबंगई और अव्यवस्था की चपेट में है। मंदिर की साफ-सफाई और पूजा-व्यवस्था को लेकर एक व्यक्ति ने स्वयंभू पदाधिकारी बनकर मंदिर पर कब्जा जमा लिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति मंदिर न्याय समिति का सदस्य या पदाधिकारी नहीं है, इसके बावजूद अपने को संयोजक बताकर फैसले लेता है। मंदिर में रहने वाले पुजारियों और ब्राह्मणों से दक्षिणा वसूलने के साथ-साथ चढ़ावे की राशि पर भी कमीशन की मांग की जाती है। विरोध करने पर पुजारियों और नाइयों को मंदिर से बाहर निकालने की धमकी दी जाती है।
स्थिति यह है कि उसकी दबंगई के कारण मंदिर न्याय समिति के सचिव और सदस्य भी चुप्पी साधने को मजबूर हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय बना रहता है।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने अनुमंडल पदाधिकारी जमुई, जो मंदिर न्याय समिति के पदेन अध्यक्ष भी हैं, से मांग की है कि इस स्वयंभू दबंग व्यक्ति से मंदिर को मुक्त कराया जाए ताकि भक्त निष्ठा और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
ये भी पढ़ें SSP ने चलाई तबादला एक्सप्रेस, तीन निरीक्षकों के तबादले












