लखनऊ: महिला ने पीजीआई पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार
संवाददाता विष्णु दत्त रावत लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक महिला ने पीजीआई पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार पुलिस कमिश्नर से लगाई है। पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने दोस्त से मिलने ऑटो से जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। इस घटना की जानकारी पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर एक दारोगा और दो महिला सिपाही पहुंचे। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि मदद करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, महिला का कहना है कि पुलिस उसे जबरन पीजीआई थाने ले गई और वहाँ उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए।
महिला ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाते हुए मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जाए, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उसने दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
इस घटना के बाद से इलाके में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएँ












