विधवा महिला का कच्चा मकान ढहा, दो बकरियों की मौत
गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद
फतेहपुर । सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के रामपुर बसई गांव में देर रात कच्चा मकान ढह जाने से एक गरीब विधवा महिला को भारी नुकसान उठाना पड़ा। हादसे में उसकी दो बकरियां मलबे के नीचे दबकर मर गईं और गृहस्थी का सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार ऐरायां विकासखंड के रामपुर बसई गांव की शिवनाथिया पत्नी स्व. श्रीनाथ अपने कच्चे मकान में रहकर बकरियां पालकर गुजर-बसर कर रही थीं। शनिवार देर रात अचानक उनका मकान भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे के समय वह घर के बाहर छप्पर तले सो रही थीं। जोरदार आवाज सुनकर जब वह भीतर गईं तो देखा कि पूरा सामान मलबे में दबा पड़ा है और दो बकरियां भी दबकर मर चुकी हैं।
बिस्तर, बर्तन समेत रोजमर्रा के सभी सामान क्षतिग्रस्त हो गए। वृद्ध पीड़िता ने बताया कि रात के सन्नाटे में उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबे से बकरियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनवर खान ने बताया कि शिवनाथिया बेहद गरीब महिला हैं। राजस्व टीम को सूचना दी गई है। उन्हें सरकारी मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। गांव के लोग भी पीड़िता की मदद के लिए आगे आए हैं।
ये भी पढ़ें आगरा में यमुना ने तोड़ा 15 साल पुराना रिकॉर्ड, जलस्तर पहुंचा 500.1 फीट












