सगरासुंदरपुर-लक्ष्मणपुर मार्ग पर दुर्गा पूजा और रामलीला महोत्सव 22 सितंबर से
प्रतापगढ़ सगरासुंदरपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर सगरासुंदरपुर-लक्ष्मणपुर रोड पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल और रामलीला महोत्सव का आयोजन 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक किया जाएगा। यह परंपरा पिछले 15 वर्षों से निरंतर चली आ रही है।
श्रीराम रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय शुक्ल और दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष शिव शंकर शुक्ल ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण होगा।
रामलीला संचालक रत्नाकर तिवारी के अनुसार स्थानीय युवाओं ने तीन माह तक कठिन अभ्यास किया है। पारंपरिक वेशभूषा और संगीत प्रभावों के साथ रामलीला का मंचन रात 8 बजे से अस्थायी मंच पर होगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की है। स्थानीय निवासी लालजी जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर से भी जोड़ता है।
नवरात्रि के नौ दिनों में यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक उत्सव का केंद्र बनेगा। हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें एटा में SSP श्याम नारायण सिंह ने किया मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ












