Fatehpur: कच्चा मकान ढहने से सो रहे पांच लोग दबे, एक की मौत और चार गंभीर घायल, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Fatehpur News: बहुआ के गोझ गांव में रविवार तड़के कच्चा मकान भरभराकर गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। इस हादसे में मकान मालिक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल सदर अस्पताल में भर्ती हैं।
फतेहपुर जिले में ललौली थाना क्षेत्र के गोझ गांव में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सोते समय कच्चा मकान भरभराकर गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। गंभीर रूप से घायल मकान मालिक हीरालाल कुरील (55) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गोझ गांव निवासी हीरालाल कुरील (55) शनिवार रात को खाना खाने के बाद अपनी मां सुखरानी (75) बेटियों रीना उर्फ चुनकी (25), मीना(23), बेटा योगेंद्र (18) के साथ अपने कच्चे मकान की तरफ सो गए थे। रविवार को तड़के चार बजे कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया, जिसमें परिवार के पांचों लोग दब गए।
घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकला गया। इसके बाद प्राइवेट वाहन से गाजीपुर सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने हीरालाल कुरील को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है। सूचना पर ललौली पुलिस और सीओ जाफरगंज दुर्गेश दीप ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
एंबुलेंस के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश
बताया जा रहा है कि मृतक हीरालाल मजदूरी करते थे। चार दिन पहले मृतक हीरालाल की पत्नी बिद्दन देवी अपनी एक बेटी संजना को लेकर मायके जोनिहा चौकी के मनौटी गांव अपने मायके चली गई थी। हादसे की सूचना पर गांव पहुंची पत्नी और बेटी का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने मृतक हीरालाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के एक घंटे बाद एंबुलेंस के पहुंचने पर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
ये भी पढ़ें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने पर,पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही












