मुंबई के उद्योगपति आनंद पांडे करा रहे आयोजन, विधायक राजा भैया हैं संरक्षक

प्रतापगढ़ में आज से शुरू होगी राजन जी महाराज की भव्य श्रीराम कथा, लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना

मुंबई के उद्योगपति आनंद पांडे करा रहे आयोजन, विधायक राजा भैया हैं संरक्षक

प्रतापगढ़। जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र के परानूपुर गांव में आज से प्रसिद्ध कथा वाचक राजन जी महाराज की भव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। महीनों से चल रही तैयारियों के बाद अब पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया है। आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल, भव्य मंच, आकर्षक सजावट और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

कथा के आयोजक मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद पांडे हैं, जो अपने पैतृक गांव परानूपुर में यह ऐतिहासिक आयोजन करा रहे हैं। इस कथा के संरक्षक कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया हैं। आयोजन को लेकर गांव से लेकर जिला प्रशासन तक पूरी मशीनरी सक्रिय है।

कथा में कई जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। अधिकारियों की टीम लगातार स्थल का निरीक्षण कर रही है ताकि आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

कथास्थल की व्यवस्था में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। बताया जा रहा है कि सैकड़ों किसानों ने कथा स्थल के लिए अपनी जमीन दी है, वहीं कई किसानों ने इस बार धान की रोपाई तक नहीं की, ताकि कथा परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।

राजन जी महाराज देशभर में अपने भोजपुरी अंदाज, सरल भाषा और भक्तिमय शैली में राम कथा कहने के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके प्रवचन में भक्ति, हास्य, ज्ञान और लोक संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलता है। कहा जा रहा है कि इस कथा में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन प्रसाद और चिकित्सा सुविधाओं का भी इंतज़ाम किया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष योजना तैयार की है। यातायात नियंत्रण के लिए अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।‎

कथा स्थल पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल और उत्सव जैसा नज़ारा देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें जमीन विवाद में युवती की मौत, थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने से परिजनों में आक्रोश

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें