पति से विवाद के बाद महिला ने खुद पर डाला डीज़ल, लगी आग — मौत
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। पति से घरेलू विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने खुद पर डीज़ल डालकर आग लगा ली। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी करीब पांच माह पूर्व हुई थी। महिला का पति अहमदाबाद में नौकरी करता है और कल ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि पांच नवम्बर को महिला के देवर की शादी तय थी, इसी को लेकर पति ने अपनी पत्नी से ज़रूरत पड़ने पर ज़ेवर देने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के बाद आक्रोश में आकर महिला ने खुद पर डीज़ल डालकर आग लगा ली। झुलसी हालत में उसे परिजन उपचार के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग 5 लाख रुपये और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही सिढ़पुरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के सरावल गांव का है।












