दो स्कूली वैनों में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप — बड़ा हादसा टला
मंडल संवाददाता अमित चौहान
हाथरस/– जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्कूली वैन में गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज़ी से फैली कि पास खड़ी दूसरी वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों वैन धू-धू कर जल उठीं। मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय दोनों वैनों में बच्चे मौजूद नहीं थे, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन चालक एलपीजी सिलेंडर से गैस रिफिलिंग कर रहा था, तभी गैस लीक होने के चलते अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत हटा दिया गया, जिससे आग आगे नहीं फैल सकी। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल आग लगने की सही वजह का पता लगाया जा रहा है। इस घटना ने सुरक्षा मानकों और स्कूली वैनों में गैस रिफिलिंग जैसी खतरनाक गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि समय रहते सूचना मिल जाने के कारण आग पर नियंत्रण पाया जा सका, जिससे जनहानि नहीं हुई। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।












