जनपद एटा में विद्यामंदिर में मनाया गया सप्तशक्ति संगम
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। विद्या भारती से सम्बद्ध जलेसर बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित श्रीनिवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, जलेसर में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों श्रीमती अरुणा यदुवंशी, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती सीमा वार्ष्णेय, श्रीमती अल्का अग्रवाल एवं श्रीमती अमिता सिंह द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया। इस अवसर पर श्रीमती अंशू अग्रवाल एवं श्रीमती निधि यादव ने सहयोग किया। अतिथियों का परिचय श्रीमती अंशू अग्रवाल ने कराया तथा कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मनीषा गौतम ने किया। यह आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती राजकुमारी सीमा वार्ष्णेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी स्वयं शक्तिमान है, आवश्यकता है कि वह अपनी शक्ति को पहचानकर समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि नारी अपने अहंकार को त्यागकर पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चले। यदि माताएँ अपने बेटों को विवेकानंद और बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई व अहिल्याबाई जैसे संस्कार दें, तो निश्चित ही आज भी ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व समाज में जन्म ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि नारियों में दैवीय स्वरूप निहित है — यदि वे अपनी वाणी में संयम और आचरण में मर्यादा लाएँ, तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। आज समय की माँग है कि हम मोबाइल या व्यर्थ वार्तालाप में समय न गँवाकर, सकारात्मक सोच के साथ रचनात्मक कार्यों में जुटें ताकि देश परम वैभव की ओर अग्रसर हो सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा एवं गिर्राज शरण उपाध्याय ने सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इसी क्रम में संभाग निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार गोला एवं बाल कल्याण समिति के मंत्री वीरेन्द्र प्रताप सिंह को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती लक्ष्मी, श्रीमती संजूलता सहित सभी आचार्या बहिनों का विशेष सहयोग रहा।












